सोनभद्र के कोन थाना अंतर्गत पड़रछ गांव के सरइया टोला में शनिवार को छेड़खानी के विवाद में युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। उसके दो साथियों को भी चोट आई है। तीनों बरात देखने के लिए गांव में आए थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पड़रछ गांव के साधूबतान टोले से बरात शुक्रवार की रात इसी गांव के सरइया टोला में गई थी। सतद्वारी टोला निवासी सोनू (23), उसका भाई मोनू (20) और कुंवर लाल (18) बरात देखने गए थे।
बताते हैं कि शनिवार की सुबह सरइया टोला के लोगों ने सोनू को एक किशोरी के साथ छेड़खानी करते पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलते ही किशोरी के परिजन मौके पर पहुंचे और सोनू पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे व लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की।
बचाव में आए मोनू और कुंवर लाल को चोट आई।
जिला अस्पताल में भी स्थिति गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया। वहां उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई। घटना की सूचना पर सीओ ओबरा डॉ. चारु द्विवेदी, एसओ लक्ष्मण पर्वत फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवकों व आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
सीओ डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि छेड़खानी के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हुई है। अन्य दोनों युवकों का उपचार चल रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।