सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव में रविवार की रात एक युवक ने पंखे के सहारे फंदे से लटकर आत्महत्या कर लिया। युवक ने अपने घर से कुछ दूरी पर एक परिचित मकान में दरवाजा और खिड़की बंद कर खुदकुशी की।
पुसौली निवासी बीरू उर्फ प्रमोद पटेल (22) रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे गांव में परिचित के मकान में चादर के सहारे पंखे से लटक कर इहलीला समाप्त कर ली। इसकी जानकारी होते ही गृहस्वामी शोर मचाने लगा। ग्रामीणों के सहयोग से मकान मालिक ने कड़ी मशक्कत कर दरवाजा और खिड़की तोड़ कर युवक को उतार कर नजदीकी एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने बीरू को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर युवक के घर में कोहराम मच गया। परिजन दोबारा उसे एक अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने बीरू को मृत घोषित कर दिया। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में बेटे के शव के पास बिलख रहे पिता परदेशी ने बताया बीरू दो भाइयों में बड़ा था और वह एक दुकान पर काम करता था। उसकी शादी भी तय हो गई थी। अचानक बेटे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया कुछ समझ में नहीं आ रहा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा। बीरू ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है।