घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहां गांव में शनिवार देर रात एक युवक ने पत्नी के सामने ही फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के पहले उसने ब्लेड से अपने शरीर को कई जगह जख्मी कर लिया था। सूचना पर रविवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
खुटहां गांव निवासी चंदन (26) पुत्र दौलतराम ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में साड़ी से बड़ेर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक चंदन पुट्टी, रंगाई, पुताई का काम कर परिवार का रोजी रोटी चलाता था। रविवार को वह तेंदुहार गांव में पुताई करने गया था।
रात में काम से लौटते समय रास्ते में शराब पी। परिजनों के मुताबिक घर आकर उसने अपनी चचेरी बहन से झगड़ा किया। चचेरी बहन वहां से चली गई। इसके बाद चंदन ने ब्लेड से अपने शरीर में कई जगह काट लिया। इसके बाद कमरे में जाकर पत्नी से विवाद करने लगा। पत्नी उस समय अपने छह महीने की बच्ची को गोंद में लेकर सुला रही थी।
इसी दौरान पत्नी के सामने ही चंदन साड़ी के सहारे टिन के शेड में लगे बड़ेर से लटक गया। यह देख पत्नी चीखने लगी तो परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा। उसे लेकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चंदन चार भाइयों में सबसे बड़ा था।
पिछले साल जून में उसकी शादी पास के भरौली गांव में हुई थी। उसकी छह माह की एक बेटी है। सूचना पर चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव सीएचसी पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।