सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के सुकृत गांव में मनबढ़ों ने भूमि विवाद को लेकर एक युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी। लाठी-डंडे से पिटाई के बाद उसे नुकीले हथियार चुभाए गए, जिससे शरीर के कई हिस्सों में मांस के टुकड़े बाहर निकल गए। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सुकृत निवासी शिवपूजन तिवारी का अपने पट्टीदारों से लंबे समय से जमीन विवाद चला आ रहा है। मंगलवार की शाम लेखपाल और कानूनगो की टीम मौके पर पैमाइश करने पहुंची थी। लेखपाल के बुलाने पर शिवपूजन भी बाइक से मौके पर पहुंचा था। शिवपूजन को देखते ही दूसरे पक्ष के लोग हमलावर हो गए। आरोप है कि पहले तो शिवपूजन की लाठी-डंडे से पिटाई की गई, जिसके बाद उसे नुकीले हथियार भी चुभोए गए। दोनों पैरों में 10-12 स्थानों पर इसके निशान हैं। हमले में पैर के कई स्थानों पर मांस निकल आया। वहां से निकलकर राजस्व टीम ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी मधुपुर पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसके दोनों हाथ, दोनों पैर के साथ ही पीठ सहित कई अन्य अंगों की हड्डियां टूट गई हैं।
जिला अस्पताल से शिवपूजन को वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायल की पत्नी विंध्यवासिनी की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप में वशिष्ठ नारायण, त्रिपुरारी उर्फ कौशल त्रिपाठी, अरूण तिवारी और रामकिंकर पर केस दर्ज किया है।
मामले में चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगाई गई हैं। -राहुल पांडेय, सीओ सिटी।