राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शुक्रवार की सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सूरज (19) की मौत हो गई। जबकि दूसरा सवार विकास (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से डाला स्थित वैष्णो मंदिर से दर्शन कर अपने घर वाराणसी वापस जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर के लिए रिफर कर दिया गया।
सुबह करीब नौ बजे वैष्णो मंदिर से पूजन-अर्चन कर एक बाइक से दो युवक वाराणसी जाने के लिए निकले। बभनौली गांव के पास पहुंचे थे कि पीछे से तेज रफ्तार से जा रही एक अज्ञात वाहन बाइक में धक्का मारते हुए अहरौरा की ओर चली गई। दुर्घटना में मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव निवासी सूरज पुत्र सियराम और वाराणसी के चितईपुर निवासी विकास गंभीर रूप से घायल होकर मदद की गुहार लगाने लगे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही 108 नंबर के एंबुलेंस को बुलाया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस पर ले जाने की तैयारी कर रही थी कि सूरज ने दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टर ने घायल विकास को वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होने पर मृतक के घरवाले पहुंच गए। कोतवाल अबरार अहमद ने बताया कि शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। मृतक दो भाईयों में छोटा था और वह मजदूरी करने का कार्य करता था।