सोनभद्र। अब साठ वर्ष की आयु पूरी करने वाले श्रमिकों को हर महीने तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। इसके लिए श्रमिकों को उम्र के हिसाब से हर महीने 60 से 200 रुपये प्रतिमाह अंशदान के रूप में जमा करना होगा। पेंशन योजना का लाभ उन्हीं श्रमिकों को मिलेगा जो प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत पंजीयन कराएंगे। श्रम विभाग की ओर से इन दिनों पंजीयन के लिए ब्लॉकवार गांवों में कैंप लगाए जा रहे हैं।
अपर श्रम आयुक्त मिर्जापुर क्षेत्र सरजू राम ने बताया कि चार नवंबर से 27 नवंबर तक जिले के सभी ब्लॉक के गांवों में अलग-अलग तिथियों में श्रम विभाग की ओर से कैंप लगाया जा रहे हैं। इन कैंपों में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं स्वनियोजित व्यक्तियों का पंजीयन कराया जा रहा है। इस योजना में पंजीयन ऑनलाइन जनसेवा केंद्रों के माध्यम से किया जाता है। इसके लिए कैंपों में वीएलई को भी लगाया गया है, जो उक्त पेंशन योजना के अन्तर्गत पंजीयन करेंगे। पंजीयन शुल्क उम्र के अनुसार 60 से 200 रुपये के बीच प्रतिमाह पड़ेगा। श्रमिक पहली किश्त नकद देगा और उसके बाद की किश्तें उसके बैंक खाते से कटती रहेगी। 60 वर्ष की उम्र तक अंशदान जमा करने पर पर उसे 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। इस योजना में वीएलई की ओर से कोई सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। बल्कि वीएलई जितने पंजीयन करेंगे, 30 रुपये प्रति पंजीयन के दर से सीधे उसके खाते में प्राप्त हो जायेंगे। उन्होंने बताया कि उपरोक्त कैंपों में पात्र व्यक्तियों के वृद्धावस्था , विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के फार्म भी भरवाए जाएंगेे।