सोनभद्र। कोरोना वायरस के फैलाव पर रोक के लिए जिला प्रशासन की तरफ से उठाए गए कदमों की शासन स्तर से हुई समीक्षा में स्थिति संतोषजनक मिलने पर सोमवार से निर्धारित समय पर सभी सरकारी कार्यालय खोलकर कामकाज शुरू किए जाने की बात कही गई है। सोमवार से शौचालयों व अवस्थापना से संबंधित सड़क, जलापूर्ति, नाली, खड़ंजा आदि से जुड़े निर्माण कार्य भी शुरू कराए जाएंगे। इसके अलावा मनरेगा के तहत प्रस्तावित कार्य भी शुरू किए जा सकेंगे। ताकि मजदूरों को काम मिल सके।
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के अनुसार कार्यालयों में सिर्फ सरकारी कामकाज होंगे। लोगों के आवागमन पर लाकडाउन के दौरान प्रतिबंध पूर्ववत लागू रहेगा। जरूरी काम से लोग दुकानों व दवा आदि के लिेए निकल सकते हैं। लॉकडाउन के दौरान बाजार बंद रहेंगे। किराना, सब्जी आदि की चिह्नित दुकानें लाकडाउन के दौरान सुबह आठ से शाम चार बजे तक ही खुलेंगी। ताकि लोग जरूरत के सामान खरीद सकें। इसके अलावा सोमवार से मनरेगा के तहत प्रस्तावित कार्य भी शुरू हो जाएंगे। अवस्थापना संबंधी कार्य मसलन सड़क, जलापूर्ति, नाली, खड़ंजा आदि से संबंधित कार्य भी शुरू करा दिए जाएंगे। ताकि मजदूरों को काम मिल सके।
इसके अलावा किसानों को फसलों की कटाई व मड़ाई आदि के कार्य के लिए छूट रहेगी। किसानों को खेती संबंधी किसी भी कार्य के लिए पास की जरूरत नहीं होगी। हालांकि गेहूं बेचने के लिए क्रय केंद्रों पर जाने के लिए किसानों को टोकन रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को गेहूं बेचने के लिए जाने वाले किसानों के वाहन किसी भी हाल न रोकने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि गांवों में सोमवार से शौचालयों के निर्माण कार्य भी शुरू कराए जाएंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि जहां-जहां शौचालयों के निर्माण कार्य लंबित हैं, उन्हें जल्द पूरा कराएं।
19 सैंपल जांच को भेजे गए
सोनभद्र। जिले में कोरोना पाजिटिव का एक भी मरीज नहीं मिला है। जौनपुर में पाजिटिव मिले जिस व्यक्ति के साथ सोनभद्र के तीन गांवों के 11 लोग क्वारंटीन थे, उनके सैंपल की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। इन 11 लोगों समेत अब तक 275 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, उनमें से 175 की रिपोर्ट आ चुकी है। सभी निगेटिव हैं। रविवार को भी 19 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए बीएचयू भेजे गए। क्वारंटीन सेंटरों में ठहराए गए लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए बीएचयू भेजने में जुटे डा.केके सिंह ने बताया कि रविवार को 19 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। अब तक जितनी भी रिपोर्ट आई है, सभी निगेटिव मिले हैं।