पुलिया निर्माण की मांग को लेकर सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने एनटीपीसी सिंगरौली के राख पाइप लाइन का काम रोक दिया और सड़क पर बैठ गए। जिससे दोनों तरफ लोगों का गमनागमन ठप हो गया।
इससे परियोजना प्रबंधन में खलबली मच गई। अविलंब मसले का हल निकालने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर लोग शांत हुए। इलाके में स्थित भवानी नगर मुहल्ले से होकर पावर प्रोजेक्ट की राख पाइप लाइन निकाली जा रही है।
इसके जद में मुहल्ले के निकासी का मुख्य रास्ता आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि पहले प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने पुलिया बनवाकर उसके नीचे से पाइप लाइन ले जाने की बात कही थी,
लेकिन सोमवार सुबह इसके बगैर ही खुदाई के लिए जेसीबी मशीन पहुंच गई। इससे नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर गए। प्रधान, सत्तापक्ष के नेता और कई जनप्रतिनिधि भी ग्रामीणों के साथ सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए।
इसके चलते परियोजना के लिए जाने वाले मुख्य मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई। खबर पाकर एनटीपीसी के मानव संसाधन विभाग के अधिकारी पहुंचे और सिविल विभाग के अधिकारियों से शाम को वार्ता कर समस्या का हल
निकालने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग सड़क से हटने को तैयार हुए। इसके चलते करीब तीन घंटे तक आवाजाही ठप रही। एतराज जताने वालों में प्रधान नंदलाल, गुप्तेश्वर सोनी, सपा नेता एवं बीडीसी मोहन गुप्ता, बृजबिहारी आदि शामिल रहे।