सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के एक महिला को अनजान नंबर से कॉल करने और एआई से बनी आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख 61 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस ने सूचना पर बैंक से धनराशि होल्ड करा दी गई। एक सप्ताह की मेहनत के बाद पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में सोमवार को वापस करा दी गई।
कुछ दिन पहले महिला को एक अनजान नंबर से काल आई। कॉल करने वाले ने एआई से बनी वीडियो वायरल करते हुए बदनाम करने की धमकी दी। इससे परेशान महिला किसी से संपर्क साध पाती उससे पहले उसे कॉल पर बने रहने के लिए कहा गया और उसका मोबाइल हैक कर एक लाख 61 हजार रुपये उसके खाते से उड़ा लिए गए। पीड़िता के परिवार वालों को जैसे ही ठगी की जानकारी हुई उन्होंने तत्काल 1930 नंबर डायल कर साइबर पुलिस को सूचना दी। साइबर थाने पहुंचकर भी घटना से अवगत कराया। सक्रियता दिखाते हुए साइबर पुलिस ने बैंक से संपर्क साधा। तत्काल सूचना देने का लाभ यह मिला कि तब तक ठगी करने वाला धनराशि दूसरे खाते में नहीं भेज पाया था। प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि तत्काल बैंक से पत्राचार कर धनराशि होल्ड करा दी गई। आगे की कार्रवाई के लिए हेड मुहर्रिर संजय वर्मा और महिला कांस्टेबल लक्ष्मी सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। लगभग एक सप्ताह की मेहनत के बाद पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में सुरक्षित वापस करा ली गई।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उड़ाए गए 40 हजार कराए गए वापस
शक्तिनगर। थाना क्षेत्र के खड़िया के रहने वाले एनसीएल कर्मी कृष्णा कुमार शाह को शेयर ट्रेडिंग में अच्छे मुनाफे का लालच दिया गया था। इसके लिए उनसे छह मई 2025 को ऑनलाइन 50 हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में मंगवा लिए गए थे। जब उन्हें ठगी की जानकारी हुई तो उन्होंने 1930 नंबर डायल कर पुलिस को जानकारी दी और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमलयन दुबे ने बताया कि जैसे ही प्रकरण संज्ञान में आया पूरी जानकारी हासिल करने के साथ ही संबंधित बैंक से संपर्क साधा गया। ठगी की राशि जिन-जिन खातों में गई थी। वहां-वहां साइबर हेल्प डेस्क कर्मी संजय सरोज और कांस्टेबल करन कुमार के जरिए संपर्क साधते हुए धनराशि होल्ड कराई गई। 40 हजार रुपये पीड़िता के खाते में सोमवार को वापस कराने में भी कामयाबी पा ली गई है। संवाद
साइबर ठगी से बचाव के लिए प्रत्येक का जागरूक रहना जरूरी है। किसी भी तरह के भय, लालच या झांसे में न आएं। ठगी की कोई घटना होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, नजदीकी थाने पर रिपोर्ट करें या साइबर क्राइम पर शिकायत दर्ज कराएं। ध्यान रखें घटना के बाद जितनी जल्दी सूचना दी जाएगी उतना ही ठगी के शत-प्रतिशत वापसी की संभावना बढ़ जाएगी। - अभिषेक वर्मा, एसपी।