रेणुकूट। साइबर ठगी का नया मामला पिपरी थाना क्षेत्र से सामने आया है। धोखेबाजों ने व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भेजकर एक महिला से 55 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़िता ने पिपरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पी-टाइप धोबिया टंकी रेणुकूट निवासी सुधा देवी के मोबाइल नंबर पर बीते आठ अक्तूबर को दोपहर में अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। कॉलर ने खुद को उसके पति गनेश के परिचित के रूप में बताते हुए उनके अकाउंट में 65 हजार रुपये भेजने की बात कही। फोन कॉल के बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक क्यूआर कोड भेजा गया।
विश्वास में आकर पीड़िता ने उस कोड के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 55498 रुपये भेजे। ठग ने उसके बाद 75000 रुपये का एक फर्जी मैसेज भेजकर कहा कि घबराएं नहीं, आपका पैसा आपके खाते में पहुंच जाएगा।
जब पीड़िता बैंक पहुंची तो पता चला कि उसके खाते में कोई पैसा नहीं आया था। मामले में पिपरी थाना प्रभारी सतेंद्र राय का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान करने में जुटी है।