शाहगंज। थाना क्षेत्र के ओड़हथा गांव के पास घोरावल-राबटर्सगंज मार्ग पर रविवार को एबुंलेंस के धक्के से वृद्धा घायल हो गई। उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के सहुआर गांव निवासी 75 वर्षीय यदुवंती पत्नी स्व. रामजीत यादव घर से पैदल निकलकर गांव के दूसरी तरफ जा रही थी। तभी घोरावल की तरफ जा रही एंबुलेंस ने धक्का मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शाहगंज एसओ भुवनेश्वर पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेस को चालक सहित कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।