हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर मुर्धवा मोड़ के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। तेज गति से आ रही ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। इसी दौरान पिपरी सीओ का वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में चला गया। हादसे में सीओ हर्ष पांडेय, उनका गनर और चालक गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें जिला अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रॉबर्ट्सगंज के दुरावल खुर्द निवासी कमलेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह खाड़पाथर में किराए के मकान में रहता है। मुर्धवा में उसकी मिठाई की दुकान है। सोमवार की दोपहर में पत्नी अस्पताली देवी (58) खाना लेकर दुकान की तरफ आ रही थी। इसी दौरान मुर्धवा की तरफ से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने उसे टक्कर मार दिया। पत्नी को गंभीर चोट आई। हाथीनाला की तरफ से आ रही पुलिस की गाड़ी भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ी में सवार सीओ हर्ष पांडेय, चालक अवधेश व गनर दिलीप कुमार को बाहर निकाला गया। तीनों घायलों के साथ महिला को हिंडाल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं प्राथमिक उपचार के बाद सीओ, उनके चालक और गनर को जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अभिषेक वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। घायलों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। इसी बीच सीओ का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसे में सीओ, गनर और चालक को चोट आई है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। बेहतर देखभाल के लिए उन्हें बीएचयू भेजा गया है। महिला के पति की तहरीर पर ट्रक के अज्ञात चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।