सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के भड़रा गांव के समीप बृहस्पतिवार दोपहर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से कुचलकर महिला की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम का प्रयास किया। हालांकि कोतवाल अंजनी कुमार राय ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मृत सोनवा देवी (50) का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब पौने 12 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के बसौली गांव निवासी सोनवा देवी छठ पूजा का सामान लेने अपने दामाद के साथ बाइक से राबर्ट्सगंज बाजार की ओर जा रही थीं। रास्ते में भड़रा गांव के पास विपरीत दिशा से जा रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और सोनवा का सिर ट्रक के चक्के के नीचे चला गया। इस हादसे में सोनवा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका दामाद सुरेश यादव (30) निवासी परासी पांडेय भी घायल हो गए।
उधर, घटनास्थल से कुछ दूर ट्रक खड़ा कर चालक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के घरवालों के साथ ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण चालक को गिरफ्तार करने समेत अन्य मांगों को लेकर जाम लगाने का प्रयास करने लगे। इस बीच हादसे की जानकारी मिलते ही फोर्स के साथ सब इंस्पेक्टर अशोक यादव और कोतवाल अंजनी राय भी पहुुंच गए। कोतवाल ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने में जुट गए, लेकिन ग्रामीणों ने शव को ले जाने से मना कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर ट्रक समेत अन्य वाहन तेज गति से चलते हैं। इस नाते अक्सर हादसे होते रहते हैं। ग्रामीण मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। कोतवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर आश्रितों को मुआवजा दिलाने, तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया।
कोतवाल अंजनी राय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। चालक को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।