रामगढ़। कूटरचित दस्तावेज के जरिये दूसरे की पत्नी बनकर डेढ़ बीघा जमीन बेचने की आरोपी महिला लालती को पन्नूगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पिछले 20 साल से उसकी तलाश की जा रही थी। अदालत की सख्ती के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पन्नूगंज एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बेठीगांव गांव निवासी लालती देवी ने चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बरवाडीह निवासी उमाशंकर पांडेय की पत्नी सुशीला देवी बनकर लगभग डेढ़ बीघा जमीन एक व्यक्ति के साजिश में आकर बेच दी थी।
जानकारी होने पर सुशीला देवी ने वर्ष 2003 में अदालत में वाद दाखिल किया था।आरोपी ललिता देवी को लगातार हाजिर होने के लिए नोटिस भेजी जा रही थी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हो रही थी। बार-बार पुलिस को भी चकमा दे रही थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट इंदू वर्मा ने पिछले माह सुनवाई के दौरान इस पर कड़ा रुख अख्तियार किया था। अदालत के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी लालती देवी को गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।