राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव में स्थित पावर हाउस कालोनी में शुक्रवार को बारिश के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। दूसरे दिन शनिवार को बंद एक मकान के छत पर राजू उर्फ रतन (32) का झुलसा हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। उधर बिजली से कई लोगाें का टीबी, फ्रिज समेत अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण फूंक गया।
शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे छपका कालोनी में कुछ बच्चे बंद एक मकान पर आम तोड़ने के लिए चढ़े तो देखा कि एक युवक मृतवस्था में पड़ा हुआ है। बच्चों की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने मृतक की शिनाख्त राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के दुरावल गांव निवासी राजू के रूप में किया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल राजीव मिश्रा भी पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि अवर अभियंता जयसिंह ने पुलिस को लिखित दिया कि कभी-कभार डेली आधार पर रतन छपका पावर हाउस में काम करता था। शुक्रवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे आंधी और तड़क-गरज के साथ हुई बारिश में रतन आम बीनने के लिए छत पर चढ़ा। उसी वक्त बिजली उसके ऊपर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।