सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने एटीएम का कोड पूछकर हजारों रुपये उड़ाने वाले के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। यह करवाई पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर पीड़ित के पिता अनिल कुमार की तहरीर पर हुई।
पुलिस के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी पीड़ित अनिल का कहना है कि दो सितंबर की शाम उसके बेटे के मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक बैंक का मैनेजर बताकर बेटे को अपने विश्वास में ले लिया। उसने कहा कि आपका एटीएम कार्ड बंद हो गया है। जल्दी से एटीएम से जुड़ी जो जानकारी बता दें, ताकि चालू कर दिया जाए। लड़के से एटीएम और ओटपी की जानकारी लेकर फोन काट दिया। आधे घंटे बाद उसके मोबाइल पर 15950 रुपये निकाले जाने का मैसेज आ गया। बेटे ने तत्काल जिस नंबर पर बात हुई थी उस पर कॉल कर रुपये निकलने की सूचना दी तो वह गाली गलौज करने लगा और घटना की सूचना किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। कोतवाल अंजनी कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।