जिले में शिवरात्रि पर्व शुक्रवार को पूरी आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। शिवद्वार, गौरीशंकर, बरैला, पंचमुखी देव, नल्हराजा समेत कई मंदिरों में शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस दौरान मंदिर परिसरों में मेले का भी आयोजन हुआ। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
सुबह पूजन-अर्चन के बाद शिवालयों का पट भक्तों के लिए खोल दिया गया। मंदिरों में हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, मदार, बैर, माला, फूल चढ़ाकर लोगों ने विधि विधान से पूजन-अर्चन किया। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित वीरेश्वर मंदिर, शोभानाथ मंदिर, दंडइत बाबा मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री की दूकानें सजी रहीं। बरैला में स्थित भोले नाथ मंदिर, गौरी शंकर गांव में स्थित शिव मंदिर, रौप गांव में पहाड़ी पर विराजमान पंचमुखी महादेव के दरबार श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यहां लगे मेले में दोपहर एक बजे के बाद भीड़ उमड़ पड़ी जो देर शाम तक रही।
शिवद्वार/घोरावल: महाशिवरात्री के पावन पर्व पर गुप्तकाशी के नाम से सुप्रसिद्ध शिवद्वार में मुख्य पुजारी सुरेश गिरी ने उमा-माहेश्वर का भव्य श्रृंगार एवं पूजन-अर्चन करने के बाद मंदिर का कपाट खोला। यहां पूजन-अर्चन करने के लिए जिले के अलावा मिर्जापुर, वाराणसी, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचे थे। फोर्स के साथ नायब तहसीलदार अनिल वर्मा मौजूद रहे। स्काउट गाइड के जिला संघटन कमिश्नर सुनील सिंह के नेतृत्व में संतोष तिवारी, दीपक मोदनवाल, राजकुमार, अशोक कुमार समेत अन्य स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा लगे रहे। चोपन: नगर में स्थित काली मंदिर, कैलाश मंदिर, शिव मदिंर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोचार के साथ श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया। दुर्गा मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुकेश गर्ग, सोनी जैन, अशोक गर्ग, दिनू गोयल, विटटू सिंह, राकेश गर्ग, बंटी अग्रवाल, शुभम गर्ग आदि मौजूद रहे।
ओबरा प्रतिनिधि के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को नगर के सभी मंदिरों में प्रात:काल से ही शिवभक्तों का तांता जल चढ़ाने के लिए लगा रहा। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प चढ़ाया और पूजन अर्चन किया। महाकाल सेवा समिति व ओबरा शिवभक्त की ओर से दोपहर करीब 12 बजे चोपन रोड स्थित मां शीतला माता मंदिर से भव्य शिव बारात व मनोहारी झांकी निकाली गई। इस दौरान भगवान शिव पार्वती, हनुमानजी तथा शिवगणों की झांकी जुलूस में आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। बारात में एक से बढ़कर एक भक्ति गानें ‘बसहा बैल सवारी बोले जय भोले बाबा, हम से भंगिया न पिसाई ए गनेश के पापा’ आदि गानों की धुन पर जुलूस में शामिल लोग नाचते गाते हुए भ्रमण कर रहे थे। जगह-जगह समाजसेवियों ने शर्बत तथा ठंडई की व्यवस्था की थी। जुलूस में रमेश सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव, सुभाष अग्रहरि, कन्हैयालाल जायसवाल, धर्मराज सिंह, जेपी सिंह, रामनरेश अग्रहरि, डिंपल यादव, लवकुश अग्रहरि, धर्मेंद्र सिंह नन्हे, रमाशंकर द्विवेदी, राधामोहन प्रजापति, नत्थू अग्रवाल, जगमंदर अग्रवाल मौजूद रहे।