चोपन। नगर पंचायत डाला बाजार के विभिन्न वार्डों में स्वच्छ जल आपूर्ति के लिए चौदह स्थानों पर सबमर्सिबल और सोलर आरो प्लांट की स्थापना की जाएगी। सोमवार को कार्य का शुभारंभ हुआ।
नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती कुमारी ने बताया कि नवसृजित नगर पंचायत डाला बाजार क्षेत्र के विभिन्न भागों में स्वच्छ पानी की समस्या को देखते हुए नए आरो प्लांट की स्थापना की जा रही है, जिसमें सभी वार्डों में मिलाकर कुल चौदह वाटर सबमर्सिबल सोलर आरो प्लांट की स्थापना की जा रही है। सभी वार्डों में जगह चिह्नित किए जा रहे हैं, इसके बाद सभी स्थानों पर सोलर आरो प्लांट की स्थापना की जाएगी। वार्ड नंबर एक में जगह चिह्नित कर सोलर प्लांट लगाने का काम चालू हो गया है। वार्ड छह पटेहरा टोला में सोमवार की सुबह अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय, सभासद रितेश, अवनिश पांडेय के साथ ही वार्ड के लोगों की उपस्थिति में सोलर वाटर प्लांट के लिए जगह चिन्हित किया गया। यहां बोर दो दिनों के भीतर करा लिया जाएगा।