पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से सिंगरौली के माड़ा क्षेत्र मंे घुसे जंगली हाथी ने शुक्रवार की भोर मे एक किसान को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
घटना माड़ा थाना क्षेत्र के मलगो गांव में साढ़े चार बजे सुबह की बताई जा रही है। बताते है कि गांव का रहने वाला वंशलाल (30) शौच के लिए खेत की तरफ गया था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ से भटक कर आए हाथी ने उसके बाएं तरफ सीने में दात घुसा दिया और फिर पैर से कुचल दिया। घटना के बाद घायल को एंबुलेंस के जरिए सुबह छह बजे के करीब जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान वंशलाल की सुबह10 बजे के करीब मौत हो गई। बताया जा रहा है छत्तीसगढ़ के जंगलो से भटका हाथियों का समूह यूपी के सीमावर्ती जिले सोनभद्र के सीमांत क्षेत्र मे कई दिनों तक उत्पात मचाने के बाद पुन: छत्तीसगढ होते हुए मध्य प्रदेश मे घुस गया है। इसी समूह से भटके हाथी ने घटना को अंजाम दिया। इलाके मे दहशत को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने निगरानी बढ़ा दिया है।