मामला दो दिन पूर्व का बताया जा रहा है। बताते हैं कि एक युवक महिला मित्र को लेकर गत शनिवार की देर शाम सात बजे के करीब सिविल लाइन रोड स्थित शॉपिंग मॉल पहुंचा। किसी ने इसकी जानकारी उसकी पत्नी को दे दी। चंद मिनट बाद ही बेटे को लेकर वह वहां पहुंच गई। उसे वहां आया देख पति पहले तो तरह-तरह का बहाना बनाने की कोशिश की लेकिन जब पत्नी के तेवर तीखे दिखे तो वहां से धीरे से खिसक लिया।
इसके बाद पत्नी और मित्र के बीच एक दूसरे से छीनाझपटी-हाथापाई शुरू हो गई। बिल काउंटर के सामने अचानक हाथापाई देख वहां मौजूद लोग भी एकबारगी भौंचक रह गए लेकिन जब माजरा मालूम हुआ तो लोगों ने भी चटखारे लेकर चर्चा शुरू कर दी। बेटा दोनों के बीच की लड़ाई को छुड़ाने में लगा रहा।
लगभग 15 मिनट की छीनाझपटी के बाद वहां मौजूद कुछ बुजुर्गों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग-अलग किया तब जाकर मामला शांत हुआ। महिलाओं का मामला होने के कारण शॉपिंग मॉल के स्टाफ भी तमाशबीन बने रहे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना रखा था। सोमवार को किसी ने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया तो लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि पत्नी पति को लेकर कोतवाली आई थी। उसकी शिकायत थी उसका पति अपनी प्रेमिका पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। बेटे ने भी उन दोनों के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाई। पति ने अपने किए पर शर्मिंदगी जताई। आगे ऐसा न होने पाए इसके लिए पति को कड़ी हिदायत दी गई है।