घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव के तालाब से निकला मगरमच्छ ।
- फोटो : SONBHADRA
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव में सोमवार देर शाम तालाब में छह फीट लंबे मगरमच्छ के दिखने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम द्वारा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर मुक्खा फाल के दह में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार भरौली गांव में सोमवार को देर शाम कुछ लोग एक तालाब में मछली पकड़ रहे थे। उसी दौरान तालाब में मौजूद एक मगरमच्छ उन लोगों के जाल में फंस गया और फुंफकार मारने लगा। किसी ग्रामीण ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद के निर्देश पर वन्य जीव रक्षक नीटू शर्मा, वन दारोगा अंजनि मिश्रा, राणा प्रताप सिंह, रमाशंकर सिंह व ओमप्रकाश की टीम मौके पर पहुंची। उक्त मगरमच्छ पिछले कई महीनों से आतंक मचाए हुए था। कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया और मुक्खा फाल के दह में सुरक्षित छोड़ दिया।
वहीं घोरावल ब्लॉक के डेढ़ी गांव में पिछले कई दिनों से एक विशालकाय मगरमच्छ का आतंक है, जो अभी तक की भेड़ बकरियों का भक्षण कर चुका है। आए दिन वह सड़क पर भी निकल आता है, जिससे डेढ़ी और आस पास के धरसड़ा व मरसड़ा गांवों में आतंक का माहौल है। वन्य जीव रक्षक नीटू शर्मा ने बताया कि भरौली में पकड़ा गया मगरमच्छ करीब साढ़े छह फीट का है। उसे पकड़कर लिखा पढ़ी के बाद मुक्खा फाल के दह में छोड़ दिया गया।