रेणुकूट नगर पंचायत के विस्तारित क्षेत्र में शामिल खाड़पाथर ग्राम पंचायत को मात्र एक वार्ड बनाए जाने से लोग लामबंद हो गए हैं। इसे लेकर लोगों ने प्रमुख सचिव नगर विकास को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है और खाड़पाथर में वार्डों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
प्रमुख सचिव नगर विकास और जिलाधिकारी को भेजे पत्र में खाड़पाथर के लोगों ने कहा है कि यहां दो से तीन वार्ड बनाए जाने चाहिए। खाड़पाथर ग्राम पंचायत का अस्तित्व समाप्त होने के बाद से विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। पत्र में कहा है कि वर्तमान समय में नगर पंचायत के विस्तारित क्षेत्र के वार्डों का परिसीमन किया गया है, जिसका विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद यह पता चला कि खाड़पाथर को मात्र एक वार्ड तक सीमित किया गया है। इतने बड़े राजस्व गांव में जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं और लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में इस परिसीमन को बदला जाना चाहिए। कहा है कि रेणुकूट में 9 वार्ड बनाए गए हैं, जहां विकास के लिए भूमि तक नहीं है। उन्होंने जानबूझकर एक बड़ी आबादी को विकास से वंचित करने का आरोप भी लगाया है। पत्र भेजने वालों में अजीत कुमार, संतोष कुमार, अजय गिरी, अशोक कुमार, प्रद्युम्न सिंह, जितेंद्र कुमार, कृपा शंकर राय, बिंदु यादव, अरुण चौधरी, कृष्ण कुमार तिवारी, अजय तिवारी, उमेश चौबे आदि शामिल रहे।