रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी थाना क्षेत्र के मकरा गांव में युवक ने ईंट से वारकर पत्नी की हत्या कर दी। उसने पहले बेटी पर हमला किया। उसे बचाने आई पत्नी के सिर पर ईंट मार दी। घटना मंगलवार रात की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे गैर इरादतन हत्या की धाराओं में जेल भेज दिया।
मकरा गांव निवासी बासदेव ने बेटी राजपति (35) की शादी दुद्धी के तुर्रीडीह निवासी रमेश बैगा से की थी। रमेश ससुराल में ही रहता है और रेणुकूट में काम करता है। बासदेव के मुताबिक, मंगलवार की रात जब वह ड्यूटी से आया तो किसी बात पर बेटी आशा (12) पर गुस्सा हो गया और उसे मारने के लिए दौड़ा। बेटी खेत की ओर भाग गई। उसे बचाने के लिए पत्नी राजपति बीच में आ गई। इससे गुस्साए रमेश ने पास में रखी ईंट से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। जोरदार प्रहार से राजपति लहूलुहान होकर अचेत हो गई। घटना के बाद रमेश भाग गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। राजपति को अस्पताल ले जाने लगे, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। बासदेव की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रमेश को रेणुकूट-अनपरा मार्ग पर जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पिपरी एसओ विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है।