बभनी। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चैनपुर में कोटे की दुकान पर एक व्यक्ति ने युवकों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए कहा तो विवाद हो गया। मनबढ़ों ने मारपीट कर धर्मेंद्र (50) को घायल कर दिया। मारपीट से कोटे की दुकान पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
बृहस्पतिवार को चैनपुर में कोटे की दुकान पर अनाज लेने के लिए लोग पहुंचे थे। इस दौरान धर्मेंद्र ने कुछ युवकों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंस बनाए रखने का आग्रह किया। इस पर युवक भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दिए। आरोपियों ने धर्मेंद्र की पिटाई करने के साथ ही उनका कपड़ा फाड़ दिया। पीड़ित ने थाने पहुंच कर पिटाई करने वालों के खिलाफ तहरीर देते हुए केस दर्ज कराने की मांग की। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की खोजबीन की जा रही है।