सोनभद्र। स्कूलों के लिए अधिकृत बसों का संचालन शादी-विवाह में बरातियों को ढोने में हो रहा हैं। इससे निजी बस संचालन परेशान हैं। बृहस्पतिवार को घाेरावल, रामगढ़, खलियारी रूट पर संचालित बसों के मालिकों ने एआरटीओ से मिलकर गुहार लगाई। उन्हें ज्ञापन सौंपकर स्कूल बसों के अन्य कार्यों में इस्तेमाल पर सख्ती से रोकने की मांग की।
प्राइवेट बस ऑपरेटर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। बताया कि रॉबर्ट्सगंज से घोरावल की दूरी 30 किमी है। इस मार्ग पर करीब पांच सौ ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा बस स्टैंड के आसपास से ही सवारी भर रहे हैं। मार्ग पर कुल 27 बसों के पास परमिट है। एक घंटे में तीन बसें संचालित होती हैं। एक बस को भरने में चार से पांच ऑटो रिक्शा सवारी लेकर निकल जाते हैं। विरोध करने पर बसों के चालक-परिचालक से विवाद करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। यही हाल खलियारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग का भी है। बस मालिक ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा से तो परेशान हैं ही, स्कूल बसों ने भी समस्या बढ़ा दी है। जिले के कई स्कूलों में संचालित बसों को शादी-विवाह में भेजा जा रहा है। उन्हें बच्चों को लाने के लिए अधिकृत किया गया है, जबकि वे बराती ढो रहे हैं। इससे बस मालिकों का व्यवसाय चौपट होता जा रहा है। उन्होंने इस पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में ओमप्रकाश तिवारी, रमेश पाठक, शकील खान, शहबाज आदि शामिल रहे। एआरटीओ प्रशासन धनबीर यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी स्कूल संचालकों को पत्र जारी कर वाहनों का अन्यत्र संचालन न करने के निर्देश दिए।