बारिश में राबर्ट्सगंज धान क्रय केंद्र पर ट्ैक्टर ट्राली पर लदी धान की बोरी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले भर में बुधवार को दोपहर बाद बेमौसम हुई बारिश से क्रय केंद्रों पर खुले आसमान में रखा धान भींग गया। किसी तरह प्लास्टिक का तिरपाल ढंककर किसान धान को बचाने के लिए जूझते रहे। उधर, बारिश से बढ़ी ठंड को देखते हुए क्रय केंद्रों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई। राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान के समीप खुले धान क्रय केंद्र पर बुधवार की शाम बारिश के दौरान कम्हारी गांव के किसान अशोक और मोकरम धान लदे ट्रैक्टर लेकर आए थे। केंद्र प्रभारी बृजेश प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है। मंडी समिति स्थित धान क्रय केंद्र पर 30-32 की संख्या में ट्रैक्टर-ट्राली पर लदे धान दिखे, जो बारिश होने पर भींग रहे थे। यहां उपस्थित घोरावल ब्लॉक के राजपुर गांव के किसान सतेंद्र जायसवाल और राबर्ट्सगंज ब्लॉक के पवर गांव के किसान महेंद्र पटेल का कहना था कि जिनके के पास रुपये हैं, वे बाजार से तत्काल तिरपाल खरीदकर धान को ढंक दिए। इससे उनकी धान की फसल भींगने से बच गई। लेकिन जिनके पास रुपये नहीं थे, उनकी धान की फसल भींग गई।