पानी को लेकर हाहाकार मच गया है। इसको लेकर जगह-जगह पर रविवार को प्रदर्शन हुए। राबर्ट्सगंज के गोरारी गांव में लोगों ने जल निगम के कार्यालय के पास प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि बढ़ौली-कुसाही पेयजल परियोजना से पानी की आपूर्ति ठीक ढंग से नहीं हो रही है, जिससे परेशानी हो रही है। उधर टैंकर से हो रही पानी आपूर्ति में पहले पानी लेने के लिए आपस में विवाद हो रहा हैं।
पानी की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। तापमान बढ़कर 40 डिग्री के पार जाने के नाते हैंडपपों, कुओं और तालाबों का पानी लगभग सूख गया है। कम ही हैंडपंप काम कर रहे हैं। बढ़ौली ग्राम पंचायत अंतर्गत स्थित जल निगम के पानी टंकी के आसपास की बस्तियों में पानी का गंभीर संकट हो गया है। यहां लगा एकमात्र हैंडपंप सूख जाने के नाते टैंकर से एक टाइम ही पानी की आपूर्ति हो रही।
नाराज लोगों ने रविवार को जल निगम कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। धरमपत्ती और श्याम सुंदर कहते हैं कि यदि जल निगम चाहे तो बढ़ौली-कुसाही पेयजल योजना के लिए बनी पानी टंकी से एक पाइप लगाकर कार्यालय के बाहर नल लगा दिया जाए तो बस्ती के लोगों को पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी। प्रदर्शन के दौरान चंपा, विकास, गुलाबी, अतवारी, निशा, मुन्नी मौजूद रहीं।
उधर इमरती कालोनी के पास टैंकर से पहले पानी लेने के लिए कुछ लोग आपस में ही भिड़ गए। दो पक्षों में जमकर कहासुनी होने लगी। टैंकर चालक कुछ ही लोगों को पानी देकर लौट गया। सुकृत बाजार और आसपास की बस्तियों में जल स्तर काफी नीचे चला गया है। इससे पहाड़ियों में काम करने वाले खनन मजदूरों के समक्ष भी पानी का संकट गंभीर हो गया है। मजदूर काफी दूर से पानी लाने के लिए विवश हैं।