दुद्धी। कनहर बांध में पानी की आवक कम होने से जलस्तर घटकर 261.800 मीटर पर पहुंच गया है। बृहस्पतिवार शाम तक बांध का एक फाटक खोलकर 2474 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। सिंचाई विभाग ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। परियोजना के अवर अभियंता नंदलाल यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे बांध का जलस्तर 261.800 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में कमी के बावजूद इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम 24 घंटे निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। एक फाटक से पानी छोड़े जाने के कारण कनहर नदी में बहाव पहले की तुलना में कम हो गया है। इसके बावजूद प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने और बच्चों को भी नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील की है। उधर, बांध का जलस्तर बढ़ने और फाटक खुलने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से लोग बांध का नजारा देखने पहुंच रहे हैं। विभाग ने ऐसे लोगों से भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। अवर अभियंता ने बताया कि मुख्य बांध पर ग्रामीणों के आवागमन की सुविधा के लिए प्रतिदिन सुबह आठ से नौ बजे तथा शाम पांच तक मार्ग खोला जा रहा है। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में लोगों को आवाजाही की अनुमति दी गई है, जिससे नदी के दोनों ओर बसे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिले।