भाजपा एमएलसी विनीत सिंह ने सोमवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित बेलाही ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष बचे गांवों में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करें। बेलाही पेयजल योजना के माध्यम से अब तक 178 गांवों में गुणवत्तापूर्ण पानी की आपूर्ति हो रही है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
शेष 32 गांवों में जल्द ही नल से जल पहुंचेगा। इस मौके पर जल निगम के एक्सईएन अरुण सिंह और कार्यदाई संस्था विष्णु प्रकाश आरपुंगलिया लिमिटेड के प्रतिनिधि ओम प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे। ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए कार्य में गति लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की तकनीकी प्रक्रियाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। ग्रामीणों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एमएलसी ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के विभिन्न पहलुओं को नजदीक से देखा और अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहें और इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी से ही जल संकट से निपटा जा सकता है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी प्रताप सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, जल शक्ति विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।