दुद्धी। तहसील क्षेत्र के गडदरवा, डालापिपर, खोखा, बहेराडोल और हथवानी गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। इन गांवों में हैंडपंप और बोरिंग से निकलने वाला पानी खारा होने के कारण पीने योग्य नहीं है, इससे लोग टैंकरों पर निर्भर हैं।
बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने तहसील के अफसरों को समस्या से अवगत कराया। जलापूर्ति में देरी पर कड़ी नाराजगी जताई।
पेयजल के लिए टैंकर का संचालन अप्रैल से ही शुरू हो जाता है, जबकि आधा मई बीतने के बाद भी लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। ग्रामीण बसंत, गंगोत्री, करण, रंगलाल, श्याम भगत, शिवनारायण, रामप्रीत और महेंद्र ने बताया कि कई दिनों से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
इससे पेयजल के साथ भोजन बनाने में भी दिक्कत हो रही है। पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि गडदरवा गांव में पानी आपूर्ति करने वाले दो टैंकर खराब हो गए थे।
एक टैंकर की मरम्मत कराते हुए बृहस्पतिवार से आपूर्ति भी शुरू कर दी गई। शुक्रवार से दोनों टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जाएगी। वहीं तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने बताया कि पूर्व विधायक की शिकायत मिलने के बाद लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है। संवाद