नगर में पेयजल संकट गहरा गया है। पानी की आपूर्ति न होने से नाराज ब्रह्मनगर मोहल्ले के लोगों ने गुरुवार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन के साथ ही नगर पालिका को आड़े हाथों लिया। चेताया कि अविलंब पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिलाधिकारी और नगर पालिका दफ्तर का घेराव करने को बाध्य होंगे।
मोहल्ले के लोग सुबह 11 बजे बाल्टी-डिब्बा लेकर पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई। कहा कि जिला प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते वार्ड नंबर 17 ब्रम्हनगर मोहल्ले में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित समस्या निराकरण में रुचि नहीं ले रहे हैं। चिलचिलाती धूप में लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कभी-कभार टैंकर से आपूर्ति हो रही है। कहा कि पानी छोड़ चुके हैंडपंपों में पाइप और सबमर्सिबल डालकर पेयजलापूर्ति से योजना भी हवा हवाई साबित हो रही है। कहा कि नगर में एक भी हैंडपंप मेें सबमर्सिबल नहीं लगा है। इस नाते पेयजल संकट बना हुआ है। चेतावनी देेते हुए कहा कि शीघ्र टैंकरों से पेयजलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो नगर पालिका का घेराव करने को बाध्य हाेंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और नगर पालिका की होगी। इस मौके पर कृष्ण कुमार, कमला सोनी, विजय सोनी, बेचू, आशा देवी, पारसनाथ, मुन्ना सिंह, इशरत खां आदि मौजूद रहे।