सोनभद्र। पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत रॉबर्ट्सगंज में पाइप लाइन बिछाये जाने के लिए सड़क की खोदाई करना बीएसएनएल को भारी पड़ गया। सड़क खोदाई के दौरान केबल क्षतिग्रस्त होने से बीएसएनएल को करीब 47 लाख का नुकसान हुआ है। पत्र लिखने के बाद भी नुकसान की भरपाई नहीं हो सकी।
राबर्ट्सगंज नगर की करीब 50 हजार आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पेयजल पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का काम किया गया। कार्यदायी संस्था जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए नगर की सड़कों की खोदाई करके पाइप लाइन बिछाया गया है। इस दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास से धर्मशाला चौक और महिला थाना से हाइडिल मैदान होते हुए बढ़ौली चौक तक सड़क की खोदाई की गई थी।
भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़क की खोदाई करने से बीएसएनएल का केबल कट गया था। केबल कटने से विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। नगर में जगह-जगह सड़क खुदाई के दौरान कटे बीएसएनएल के केबल बदलने के लिए जल निगम को पत्र लिखकर 47 लाख रुपये बतौर हर्जाना मांगा गया था। लेकिन जल निगम की तरफ से कोई रुपया नहीं दिया गया।
जल निगम के एक्सईएन फणीन्द्र राय ने बताया कि बीएसएनएल का केबल कटने का मामला संज्ञान में आया था। इस मामले के निस्तारण के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहे ठेकेदार को निर्देशित किया गया था। मामला सुलझा लिया गया है।