पिपरी वन रेंज क्षेत्र के मकरा बीट में वन भूमि पर हुए अतिक्रमण को क्षेत्रीय वन अधिकारी ने एक सप्ताह में हटाने की चेतावनी संबंधित लोगों को दी है।
वन क्षेत्राधिकारी वीके पांडेय ने मकरा बीट में पैदल गश्त के दौरान देखा कि कंपार्टमेंट नौ में कुछ लोगों द्वारा वन भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने बताया कि वन भूमि पर राजकुमार नामक व्यक्ति द्वारा लगभग सात बिस्वा के क्षेत्रफल में अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने संबंधित को चेतावनी देते हुए तत्काल अतिक्रमण खाली करने की हिदायत दी। अतिक्रमणकर्ता ने वन क्षेत्राधिकारी को लिखित में दिया कि वह एक सप्ताह के अंदर अपना अतिक्रमण हटा लेगा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने बेलवादह इलाके में भी भ्रमण कर वन क्षेत्र का जायजा लिया। रिहंद नर्सरी का निरीक्षण कर उन्होंने माली को निराई गुड़ाई करने एवं पौधों की देखभाल सही तरीके से करने का को निर्देशित किया।