सदर विकास खंड के मारकुंडी अवई फासिल्स पार्क के समीप आदर्श तालाब के भीटे से होते हुए मुख्य मार्ग से फासिल्स पार्क तक इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया गया था। यह कार्य लोक निर्माण विभाग ने कराया था। बीते महीनों में यहां सीसी रोड का निर्माण करा दिया गया। इसके बाद पुराने ईंट को ठेकेदार ने उखड़वा दिया। कुछ दिन तक वहीं रखा रहा और शनिवार को ट्रैक्टर-ट्राली से उसे उठवा लिया गया। जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो पीडब्ल्यूडी की संपत्ति होने का हवाला देते हुए कर्मियों ने ले जाने का अधिकार बताया। इसपर ग्रामीणों ने ईंट की चोरी किए जाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, सीसी सड़क बनाने से आवागमन अब बेहतर होगा, लेकिन इस सड़क को बनाने में ठेकेदार द्वारा जिस तरह से मनमानी की गई है उसकी जांच होनी चाहिए। पहले से जो ईंट लगा था उसे उखड़वा दिया गया। उखड़वाने के बाद उसे निलामी न करके कुछ दिन तक रखा रहा। बाद में उसे उठवा लिया गया। जगजीवन राम, गुलाब चंद्रा, नारद, डॉ. रामऔतार चौहान ने कहा कि यह तरीका ठीक नहीं है। ईंट को उखड़वाकर नहीं ले जाया जा सकता। इस संबंध में इलाके के अवर अभियंता एसके पांडेय से बात की गई तो उन्होने कहा कि ईंट को पीडब्ल्यूडी के गोदाम में रखा जाएगा।
पीडब्ल्यूडी सड़क निर्माण के दौरान पुराने ईंट को नहीं उखाड़ता। यदि कहीं जरूरत पड़ती है तो उसे उसी काम में लगा दिया जाता है। वैसे उखाड़ने की दशा में 50 फीसदी ईंटें ही काम के लायक होती हैं। सलखन से ईंटें वहां से उखड़वाने और उसे किसी के द्वारा ले जाने की जानकारी नहीं है। इस बारे में संबंधित जेई से बात की जाएगी।- इं. मनीष यादव, सहायक अभियंता-पीडब्ल्यूडी