सोनभद्र। आकांक्षी ब्लॉक चतरा में चल रहे विकास कार्यों के स्थलीय सत्यापन के लिए डीएम ने शुक्रवार को विभागीय अफसरों को निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान उन्होंने झूठी रिपोर्टिंग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में अनुपस्थित रहने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किय गया।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने आकांक्षात्मक ब्लाॅक चतरा में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चतरा में आए बदलाव का स्थलीय परीक्षण भी किया जाए। इसकी एक विस्तृत रिपोर्ट प्रति सप्ताह प्रस्तुत करें। ब्लॉक में किए जा रहे कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा भी हो। उन्होंने कहा कि नीति आयोग से संचालित इन कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा एवं विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। डीएम ने कहा कि ब्लाॅक क्षेत्रों में योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के लिए माइक्रो प्लानिंग की जाए और नियमित अनुश्रवण हो। जनपद, ब्लॉक या व्यक्ति को विकास के लाभ से वंचित न रखा जाए। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह, डीआईओए जयराम सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, डीपीओ विनीत सिंह आदि मौजूद रहे।