जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में भरा पानी।
जिले में सोमवार को सुबह से हुई बारिश के बाद जिला अस्पताल के महिला और पुरुष वार्डों में पानी भर गया। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ी। पास में ही स्थित शौचालय का भी पानी वार्ड के बरामदे में आ गया, जिससे उठ रही दुर्गंध से मरीजों का सांस लेना दूभर हो गया।
बता दें कि सोनांचल में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोग परेशान हो गए है। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे से अचानक शुरू हुई बारिश दोपहर एक बजे तक जारी रही। अत्याधिक बारिश होने से जिला संयुक्त चिकित्सालय के महिला और पुरुष वार्ड में एक से दो फीट पानी भर गया। बेड छोड़ कर कई मरीज दूसरे कमरे में चले गए। वार्डों के बगल में स्थित शौचालयों का पानी बरामदे में आने से दुर्गंध उठने लगा।
सीएमएस ने दो कर्मचारियों को सफाई के लिए लगाया मगर नाली नीचे होने केे चलते पानी निकालने के बजाय अंदर ही घुसने लगा। वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. गणेश प्रसाद ने कहा कि सड़क से वार्ड नीचे हैं, इसलिए अत्याधिक बारिश होने पर कभी-कभार वार्डों में पानी भर जाता हैै। कहा कि इंजीनियर को बुलाकर वार्ड में पानी न घुसे इसके लिए नाली का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कराया है। जल्द ही नाली का निर्माण कार्य शुरू कराया दिया जाएगा। बताया कि जिस वार्ड में पानी है वहां के मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कराया जा रहा है।