मूल निवासी संविदा श्रमिक यूनियन ने गुरुवार की शाम अनपरा डी परियोजना के पास डिबुलगुज में सभा कर मजदूरों के हक-हकूक की आवाज बुलंद की।
कहा, अनपरा डी से जुड़ी संविदा कंपनियां श्रम कानूनों का पालन नहीं कर रही हैं। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूनियन अध्यक्ष रामदुलारे पनिका ने कहा कि डी परियोजना के श्रमिकों के साथ हुए समझौते के अनुसार पारिश्रमिक न देकर, 259 रुपये की बजाय 130 से 160 रुपये ही प्रदान किया जा रहा है।
मनमाने तरीके से छंटनी की जा रही है। सिविल के मजदूरों को सेफ्टी शूज देने की बजाय चप्पल पहनाकर काम लिया जा रहा है। समय से श्रमिकों के वेतन का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है।
सभा की अध्यक्षता कर रहे बालकेश्वर सिंह ने कहा कि संविदा कंपनियों ने सुरक्षा मानकों की जमकर अनदेखी कर रही हैं। बिना सूचना दिए बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने नौ मजदूरों की छंटनी कर दी।
महामंत्री अवधनारायण शुक्ल, संगठन मंत्री अवधेश कुमार जायसवाल ने कहा कि श्रम कानूनों का सही तरीके से पालन और छंटनी किए गए मजदूरों को अविलंब काम पर वापस नहीं लिया गया तो
यूनियन निर्णायक संघर्ष छेड़ने को बाध्य हो जाएगा। इस मौके पर प्रचार मंत्री सितारे आलम, तौकिक अहमद, राजकुमार वर्मा, हाकिज खान, नंदू सोनी, अजय गुप्ता आदि मौजूद थे।