चैत्र नवरात्र प्रारंभ होने के पूर्व बाड़ी स्थित सुप्रसिद्ध वैष्णो मंदिर में अग्रवाल धर्मार्थ सेवा समिति की ओर से शनिवार से पार्किंग शुल्क लागू कर दिया गया है। दर्शनार्थियों से कार और बाइक पार्किंग पर शुल्क वसूली से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। खासकर उनमें जो नियमित पूजा करने यहां पहुंचते हैं।
जनपद के प्रमुख मंदिरों में शामिल वैष्णो मंदिर में वैसे तो हमेशा दर्शनार्थियों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन नवरात्र में यहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। पहले यहां किसी भी प्रकार का कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता था, लेकिन मंगलवार से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्र के पहले ही मंदिर प्रबंधन की ओर से यह व्यवस्था बदल दी गई है। दोपहिया वाहनों से पार्किंग के नाम पर पांच रुपये और चारपहिया वाहनों से बीस रुपये वसूले जा रहे हैं। मंदिर प्रबंधन के फैसले से श्रद्धालु कुंजबिहारी, श्याम नारायण, बबलू, आशीष आदि नाराज हैं। शनिवार की सुबह मंदिर में दर्शन करने गए दर्शनार्थियों से पार्किंग शुल्क वसूली कर रहे लोगों से आपस में इस बात को लेकर कहासुनी भी हुई। यह पहला मौका है जब मंदिर में दर्शनार्थियों से पार्किंग शुल्क लगाया जा रहा है। इस संबंध में अग्रवाल धर्मार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने कहा कि दर्शनार्थियों के वाहनों की सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर में बने पार्किंग स्थल पर बाइक से पांच रुपये और कार-जीप से बीस रुपये शुल्क लिए जाने की समिति की ओर से सहमति बनी है।