विकासखंड बभनी के चौना गांव में एक माह से सोलर आरओ प्लांट खराब होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। प्लांट बंद होने से पेयजल के लिए ग्रामीणों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
चौना गांव में जिउत लाल के घर के पास लगा सोलर आरओ प्लांट एक महीने से खराब है। सरकार ने लाखों खर्च कर पेयजल की व्यवस्था की, लेकिन रखरखाव न होने से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों ने शनिवार को चौना गांव में स्थित आरओ प्लांट पर पहुंच कर जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीण जिउत लाल, अमृत लाल, विजय कुमार, रामशरन, राजू, बंशीधर, सूर्या, कमला देवी, प्रभा देवी, सोमरिया ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।