डीएम चर्चित गौड़ ने मंगलवार को पटवध पेयजल समूह योजना का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पेयजल आपूर्ति में शिथिलता पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम और एडीएम नमामि गंगे को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन कम से कम 25 गांवों का भ्रमण कर मौके पर पेयजल आपूर्ति की स्थिति का सत्यापन करें। इसकी दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्रतिदिन 40 से 45 एमएलडी जलापूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि योजना से जुड़े सभी गांवों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही गंभीर मानी जाएगी। उन्होंने कार्यदाई संस्था के डीसीएम/जीएम को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्था की समीक्षा करें। डीएम ने चेतावनी दी कि अगर निरीक्षण या मॉनिटरिंग में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी व एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए शासन को अवगत कराया जाएगा। इस दौरान एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।