रामगढ़। चतरा ब्लाक के बरईल ग्राम पंचायत में मनरेगा से तालाब खुदाई में जेसीबी मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने बुधवार को इसका विरोध किया और मशीन से तालाब खोदाई का कार्य बंद करा दिया।
सोमवार की रात करीब 12 बजे बजे सुनिल मौर्या को जेसीबी की आवाज सुनाई दी। वह उठकर तालाब पर गया तो देखा खुदाई हो रही है। उसने तुरंत वीडियो बनाना शुरू कर दिया। साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य दशरथ सहित अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। लोगों के पहुंचने पर ट्रैक्टर और जेसीबी वहां से चली गई। रात में जब प्रधान पति नंदलाल को सूचना हुई तो अगले दिन मंगलवार की शाम करीब पांच बजे उसने जेसीबी से गड्ढा खोदाई का वीडियो बनाने वाले सुनील से मुलाकात किया। उससे इस बारे में पूछताछ में कहासुनी शुरू हो गई। सुनील का आरोप है कि प्रधानपति ने उस पर थप्पड़ चला दिया। जान से मारने की धमकी देने लगा। तब तक और ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पन्नूगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रधान पति को थाने ले गई। खंड विकास अधिकारी निरंकार मिश्रा ने कहा कि बिना अनुमति के जेसीबी का प्रयोग गलत है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।