रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलकप के बगनार में विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर
सलखन। रॉबर्ट्सगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत बेलकप के राजस्व गांव बगनार में पांच दिन पूर्व बिजली गिरने से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद बिजली संकट गहरा गया है। ट्रांसफार्मर खराब होने से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित है। मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने जले हुए ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली न रहने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य, बच्चों की पढ़ाई और खेती-बाड़ी से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने विद्युत विभाग के शिकायत पोर्टल 1912 पर शिकायत भी दर्ज कराई लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में राहुल प्रताप सिंह, उमेश शर्मा, नागेश्वर प्रसाद गुप्ता, लालजी, मुन्ना, सुजीत, हीरालाल पाल, मोहन और मानवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में सलखन फीडर के अवर अभियंता अंकित पाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिल चुकी है। कागजी कार्रवाई पूरी कर प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।