चुर्क में चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री से समस्या बताते ग्रामीण।
चुर्क (सोनभद्र)। गांव में दो महीने से ट्रांसफाॅर्मर जला पड़ा था लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं थी। बुधवार को ग्राम पंचायत चुर्क के पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के सामने यह समस्या रखी तो विभागीय अधिकारियों की लापरवाही सामने आ गई। मंत्री ने बिजली निगम के एक्सईएन और एसडीओ को तलब कर जवाब मांगा तो अधिकारी एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे। उन्होंने कहा कि उन्हें ट्रांसफाॅर्मर जलने की जानकारी ही नहीं है। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। इसके बाद ट्रांसफाॅर्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जब 48 घंटे में जला ट्रांसफाॅर्मर बदलने का नियम है तो दो महीने से गांव के लोग बिजली समस्या क्यों झेल रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से ट्रांसफाॅर्मर खराब होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। चौपाल में पेयजल आपूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ग्रामीण प्रेमनाथ ने जल जीवन मिशन के तहत पानी नहीं मिलने की शिकायत की। महिलाओं ने बताया कि घरों में नल तो लगा दिए गए हैं लेकिन पानी नहीं आता। जल निगम के अधिकारियों ने लो प्रेशर के कारण नियमित आपूर्ति नहीं होने की दलील दी। इस पर प्रभारी मंत्री और सदर विधायक भूपेश चौबे ने नाराजगी जताते हुए तत्काल पेयजल उपलब्ध कराने और व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी। ग्रामीणों ने पुराने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से चुर्क गांव तक सड़क बनवाने और चकबंदी कराने की मांग भी उठाई। संजय सिंह ने मुसही विद्यालय जाने वाले रास्ते को खोदे जाने से बच्चों को हो रही परेशानी बताई। मंत्री ने सदर एसडीएम को रास्ता बनवाने के निर्देश दिए। बबलू ने दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने, जबकि शिवकुमारी ने पति के खाते में किसान सम्मान निधि नहीं आने की शिकायत की। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल, सदर विधायक भूपेश चौबे, ओम प्रकाश यादव, श्रवण गोंड, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामप्रवेश यादव सहित ग्रामीण और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।