दुद्धी। ब्लास्टिंग एरिया में कई हरे पेड़ काटे जाने के बाद एसडीएम दुद्धी निखिल यादव ने बृहस्पतिवार को जाताजुआ ब्लास्टिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मिलकर हैवी ब्लास्टिंग से दरक रहे मकानों की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।
महुअरिया रेलवे स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर जाताजुआ बघमंदवा गांव में पहाड़ से लगातार हैवी ब्लास्टिंग से कई मकान जद में आ गए हैं। तेज ब्लास्टिंग से ग्रामीण विनोद यादव के घर में दरारें आ गई हैं। अंबिका प्रसाद यादव ने कहा कि घर से महज 70 मीटर की दूरी पर पहाड़ी है। हैवी ब्लास्टिंग से घर की दीवार फट गई है। नया मकान अभी दो साल पहले बनाया है। इस तरह की ब्लास्टिंग हुई तो घर के अलावा आबादी के दर्जनों मकान ढह जाएंगे। गांव के राजेश, सुरेश, हरिशंकर, उदय प्रताप ने बताया कि एक साल से यहां ब्लास्टिंग की जा रही है। पहले धीमी गति से ब्लास्ट किया जा रहा था, मगर पिछले तीन माह से बड़े पैमाने पर ब्लास्टिंग हुई है। इससे घर के मकान व बाउंड्रीवाल में दरारें आ गई हैं। कई किसानों के खेतों में बोल्डर के टुकड़े मिले हैं, जबकि ब्लास्टिंग के पूर्व गांव में किसी भी तरह की सूचना नहीं दी जाती है। एसडीएम निखिल यादव ने पहाड़ी का निरीक्षण कर हरे पेड़ों की कटान व ब्लास्टिंग के मद्देनजर खनन व वन विभाग की जांच टीम का गठन किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक सप्ताह के अंदर जांच पूरा करने के निर्देश दिए।