बभनी क्षेत्र में चंदा लगाकर जेसीबी मशीन से सड़क समतल कराते ग्रामीण। स्रोत स्वयं
बभनी। घघरी-बभनी क्षेत्र के जंगल मार्ग टेंढुगुघरा से चौना रोड की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन का इंतजार छोड़कर खुद सड़क सुधारने का बीड़ा उठाया है। बुधवार को ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाकर जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से सड़क को आवागमन के लायक बनाने का काम शुरू कराया। ग्रामीणों के अनुसार आजादी के बाद से ही यह सड़क बदहाल है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और पानी भर जाने से ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। सड़क की समस्या को लेकर सात-आठ बार से अधिक अधिकारियों को पत्र देकर अवगत कराया जा चुका है। अखबारों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सड़क की बदहाली का मुद्दा लगातार उठाया गया। इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने जून में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। धरना-प्रदर्शन के बाद भी सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो ग्रामीणों ने श्रमदान कर रास्ते को चलने लायक बनाने का प्रयास किया। स्थायी समाधान न मिलने पर ग्रामीणों और युवाओं ने खुद ही सड़क सुधारने का निर्णय लिया। इसके बाद चंदा जुटाकर जेसीबी से सड़क पर जमा मलबा हटाने, गड्ढे भरने और रास्ते को समतल करने का काम शुरू कराया गया। ट्रैक्टर से सोलिंग भी डाली जा रही है। इस कार्य की जिम्मेदारी सोमारू प्रसाद, अंजनी और अखिलेश ने संभाली है। मौके पर अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे और श्रमदान के साथ आर्थिक सहयोग कर सड़क सुधारने में योगदान किया।