कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर एसडीएम डॉ.केएस पांडेय को ज्ञापन सौपते राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के पद
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। ओबरा में रेणुका नदी पर प्रस्तावित पुल और बिजुल नदी पर पुल का निर्माण कराये जाने सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर ग्रामीण अंचल की मूलभूत समस्याओं का अतिशीघ्र समाधान कराये जाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी ने कहा कि मारकुंडी घाटी के नीचे रेणुका नदी पार और सलखन के पूर्वी पहाड़ी क्षेत्रों में बसे लाखों आदिवासी आवश्यक सुविधाओं से आज भी वंचित हैं। मुख्य बाजार, चिकित्सालय तक पहुंचने के लिए आवागमन का साधन नहीं है। मांग की कि ओबरा के पास रेणुका नदी पर प्रस्तावित पुल और ग्राम पंचायत नदहरी घाट पर बिजुल नदी पर पुल का निर्माण कराया जाए। इससे दर्जनों गांव के ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी। बताया कि रेणुका नदी पार कोई इंटरमीडिएट कालेज नहीं है। म्योरपुर ब्लॉक के मेड़रदह गांव में पांच वर्ष से बनकर इंटरमीडिएट कालेज तैयार है। वहां अध्यापकों की नियुक्ति करके उसे संचालित कराया जाए। ग्राम पंचायत जुगैल के गर्दा, बेलगड़ी, परसोई में हाईस्कूल खोले जाने और बच्चों के आवागमन में लिए नि:शुल्क साधन की व्यवस्था कराये जाने की मांग की। इसके अलावा खुलदिल रेलवे स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस व इंटरसिटी के दो मिनट का ठहराव और फफराकुंड रेलवे स्टेशन के पास अरंगी गांव, कड़िया के पास रेलवे क्रांसिंग बनाये जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में रामानंद पांडेय, जितेंद्र, बृजेश मौर्य, रामलाल भारती, रमेश शर्मा, हरिशंकर गौड़, रुक्मणी देवी, सत्यम मिश्रा, राजेश देव पांडेय, रामविलास दूबे, सुभाष भारती, दूधनाथ खरवा, श्याम चौहान, रमेश सिंह, प्रह्लाद गुप्ता, मुकेश चेरो आदि शामिल रहे।