सड़क व नाली बनवाने की मांग को लेकर बिल्ली पोखरा उत्तरी टोला के रहवासियों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान रहवासियों ने विरोध में नारेबाजी भी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सुजीत कुमार ने बताया कि यह क्षेत्र जब ग्राम सभा बिल्ली मारकुंडी में था तब प्रधानों ने विकास को लेकर अनदेखी की। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है लेकिन अब यह क्षेत्र नगर पंचायत में आ जाने से लोगों में विकास को लेकर उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि मार्ग कच्चा होने की वजह से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात में फिसलन बढ़ गयी है। मार्ग के किनारे नाली न होने से निकासी नहीं हो पा रही है। रहवासियों ने जिला प्रशासन सहित अधिशासी अधिकारी से जल्द से जल्द मार्ग को पक्का कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में सीमा देवी, बुल्लू पटेल, रामलाल, हीरालाल, चंद्रकला, रजत शर्मा, प्रतिभा, पुष्पा देवी, रमावती, धन्वंतरि देवी, भोला, बंशीलाल आदि शामिल रहे।