कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन बिल्ली मारकुंडी के ग्रामीण।
- फोटो : SONBHADRA
सदर तहसील क्षेत्र के चेरूई और बिल्ली मारकुंडी गांव की बंजर जमीन को वन विभाग अपना बताकर गरीबों का उत्पीड़न कर रहा है। ये आरोप ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने के दौरान लगाए। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने डीएम को मांगपत्र सौंप कर जांच कराकर प्रकरण का निस्तारण कराने की मांग की।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे नागेश्वर प्रसाद गोंड ने कहा कि सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम चेरई व बिल्ली मारकुंडी में कई लोग बंजर जमीन पर गुजर बसर कर रहे हैं। उस भूमि को अब वन विभाग अपना बताकर हमें बेदखल कर रहा है। वन विभाग आदिवासियों की जमीन का अधिग्रहण करने में जुट गया है। रविंद्र सिंह यादव ने कहा कि यदि वन विभाग इस तरह से आदिवासियों पर अत्याचार करेगा तो आने वाले दिनों में ग्रामीण वन विभाग के खिलाफ वृहद आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में शशिकांत सिंह, मुन्नीलाल खरवार, देवनारायण, रामविलास गोंड, पूजा गोंड, फुलेश्वरी, उर्मिला, उमा शंकर भारती आदि रहीं।