राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के बैनर तले विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने राशन मुहैया कराने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फिर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरदेव नारायण तिवारी की अगुवाई में सलखन, बैरिहवां, बिल्ली-मारकुंडी, बाडी, बैरपुर, जुगैल, पनारी, परसोई आदि गांवों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सोमवार को कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। ग्रामीण प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। यहां प्रदर्शन के दौरान तिवारी ने कहा कि मारकुंडी घाटी के नीचे पिछले तीन साल से सूखा का सामना कर रहे आदिवासी इस वर्ष भी अत्यधिक पानी के कारण परेशान हैं।
इनकी प्रमुख खेती मक्का, अरहर, तिल्ली पूरी तरह से समाप्त हो गई है। इस क्षेत्र के मूल निवासियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। रेणु नदी पार रहने वाले आदिवासियों में बहुतों के यहां दोनों टाइम का खाना नहीं बन रहा है। जिन्हें राशन कार्ड पर राशन मिलता था वह भी चार-पांच माह से बंद है। उन्होंने मांग की कि सभी ग्रामीणों को राशन कार्ड पर राशन दिया जाए। जिनके राशन कार्ड खो गए हैं, उन्हें भी कोटेदार की लिस्ट से राशन का वितरण किया जाए ताकि लोग भुखमरी के शिकार न हों।
प्रशासनिक अधिकारी की देखरेख में टीम बनाकर जांच कर गरीबों की रोटी की व्यवस्था की जाए। राजकुमार सोनी ने कहा कि जुगैल और पनारी जैसे पिछड़े क्षेत्रों में लोग रोजी-रोटी के लिए परेशान हैं। प्रशासन गरीबों की मदद करे। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर विफन पनिका, शमीम अख्तर, वीरेंद्र श्रीवास्तव, रमेश कुमार शर्मा, शत्रुंजय मिश्रा, अभिमन्यु यादव, कबीर, मुन्नी देेवी, लखपतिया, शांति, सीमा, उर्मिला मौजूद रहीं।