खैरटिया गांव के श्रीराम तिराहे पर मंगलवार को ग्रामीणों ने मनमाना बिजली कटौती के विरोध में ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दुबे के नेतृत्व में पीसीएल विभाग का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। पीसीएल विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मंगरू गुप्ता ने बताया इस समय पीसीएल विभाग मनमाना विद्युत कटौती कर रहा है। शिवदत्त दुबे ने बताया कि दिन में कई बार घंटों अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। 24 घंटे में लगभग 10 से 12 घंटे की कटौती हो रही है। पूछने पर टालमटोल किया जाता है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह मनमानी कटौती नहीं बंद की गई तो सारे ग्रामीण उपभोक्ता सड़कों पर उतर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान छात्र नेता अजीत सोनी, धर्मजीत जायसवाल, दूधनाथ गुप्ता, सुनील, मनीष, बृजेश यादव, आर्यस प्रसाद, पतिराज गुप्ता, अनिल गुप्ता, रोहित जायसवाल, राजेंद्र जायसवाल, करण यादव आदि शामिल रहे।